ताजा ख़बर

अयोध्या में आम आदमी पार्टी की पदयात्रा की नई तिथि घोषित सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना

Muhammad Alam
Muhammad Alam
Updated Oct 10, 2025
अयोध्या में आम आदमी पार्टी की पदयात्रा की नई तिथि घोषित सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना

अयोध्या।आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने अयोध्या में होने वाली अपनी प्रस्तावित पदयात्रा की नई तिथि की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा 12 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान यात्रा प्रयागराज के संगम से लेकर अयोध्या की सरयू तट तक निकाली जाएगी।
संजय सिंह ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की सक्रिय भागीदारी और प्रचार अभियान के चलते पदयात्रा की पूर्व निर्धारित तिथि में बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सामाजिक न्याय, भाईचारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संदेश के साथ आयोजित की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में संजय सिंह ने भाजपा और आरएसएस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने वाले एक वायरल वीडियो को भाजपा समर्थक संगठित तरीके से फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से साफ झलकता है कि लोकतंत्र पर हमला करने की साजिश चल रही है। दलित और वंचित समाज को अब जागरूक होकर ऐसी ताकतों को जवाब देना होगा, खासकर बिहार चुनाव में।
मायावती की रैली को लेकर संजय सिंह ने कहा कि यह निराशाजनक है कि बसपा प्रमुख मायावती ने सीजेआई पर हुए हमले की निंदा तक नहीं की। उन्होंने कहा,कम से कम रैली में दो पंक्तियां बोलकर न्यायपालिका के सम्मान की रक्षा के लिए मायावती को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी।
वहीं, अखिलेश यादव और आजम खान की हालिया मुलाकात पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह समाजवादी पार्टी का आंतरिक मामला है और इसमें टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संजय सिंह ने कहा कि अयोध्या की यह पदयात्रा आम आदमी पार्टी के जनसंपर्क अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी होगी, जिसका उद्देश्य लोगों को सत्ता के दमन और अन्याय के खिलाफ एकजुट करना है।

अन्य खबरें...