ताजा ख़बर

अयोध्या में जल्द खुलेगा भव्य ‘रामायण वैक्स म्यूजियम’

Muhammad Alam
Muhammad Alam
Updated Sep 25, 2025
अयोध्या में जल्द खुलेगा भव्य ‘रामायण वैक्स म्यूजियम’

अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या के पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा रामायण वैक्स म्यूजियम अपने अंतिम चरण में है। लगभग 10 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में निर्मित इस भव्य म्यूजियम का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 8 से 15 अक्टूबर के बीच किया जाएगा। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और 2 अक्टूबर तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
म्यूजियम कंपनी के एमडी एवं प्रसिद्ध वैक्स मूर्तिकार सुनील कांडालोर ने बताया कि यहां कुल 50 वैक्स मॉडल तैयार किए गए हैं, जिनमें 40 मॉडल विशेष रूप से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में दर्शाएंगे। इनमें राम जन्म, सीता स्वयंवर, ताड़का वध, राम-हनुमान मिलन, लंका दहन, सीता हरण, अशोक वाटिका और राज्याभिषेक जैसे दृश्य शामिल हैं। पीएम नरेंद्र मोदी का वैक्स स्टैच्यू भी यहां लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वैक्स स्टैच्यू के लिए अनुमति मिलने के बाद उनका मॉडल भी तैयार कर लोकार्पण से पहले स्थापित किया जाएगा।
यह परियोजना अयोध्या नगर निगम की देखरेख में पूरी की जा रही है। परिसर में शॉप, मिरर हाउस, हॉरर हाउस, 9D मूवी शो और गेम शो हाउस जैसी मनोरंजन सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। कुछ कार्य पूरे हो चुके हैं जबकि बाकी लोकार्पण के बाद तेजी से आगे बढ़ाए जाएंगे। रामकथा को वैक्स मूर्तियों और तकनीकी प्रस्तुतीकरण के जरिए देखने का यह अनूठा अवसर अयोध्या आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए यादगार साबित होगा।