*मया - बाज़ार (अयोध्या):-*
नगर पंचायत गोसाईगंज के मुख्य कस्बे में स्थित साकेत क्लॉथ हाउस में बुधवार सुबह लगभग 8:30 बजे अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलती हुई दुकान के आगे से लेकर पीछे तक लगभग 120 फीट क्षेत्र में फैल गई, जिससे पूरी दुकान जलकर राख हो गई। भीतर रखा सभी कपड़ा स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
आग की लपटें साकेत क्लॉथ हाउस के बगल स्थित जायसवाल इलेक्ट्रॉनिक्स और भगवती क्लॉथ हाउस तक भी पहुंचीं, जिससे इन दुकानों को भी आंशिक नुकसान हुआ है। नुकसान का वास्तविक आकलन बाद में किया जाएगा।
घटना के तुरंत बाद मोहल्लेवासी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। नगर पंचायत की पानी टैंकर गाड़ी सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जलकल प्रभारी शिव शंकर वर्मा को सूचना दी गई, जिन्होंने पांच मिनट के भीतर पानी की गाड़ी भेज दी। इसके बाद स्थानीय व्यापारी प्रदीप जायसवाल और उनका परिवार भी बड़ी मात्रा में पानी की व्यवस्था में जुट गया।
सूचना प्राप्त होते ही गोसाईगंज थाना प्रभारी शारदेन्दू दूबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चारों तरफ का रास्ता बंद करवाकर भीड़ को नियंत्रित करते हुए आग बुझाने के प्रयासों को संचालित किया। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने भी घटना की जानकारी लेकर अग्निशमन विभाग को अतिरिक्त सहायता भेजने के निर्देश दिए।
अग्निशमन विभाग ने तीन बड़ी और एक छोटी दमकल गाड़ी भेजी। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक सतीश गुप्ता ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि किसी भी सामान को बचाने का अवसर नहीं मिला। आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार तेज होती रहीं।
भीषण अग्निकांड में मौके पर पहुंचे अपना दल के नेता प्रमोद सिंह ने एसडीएम से मिलकर मैक्सिमम सहायता राशि देने की अपील की, और पीड़ित से मिलकर मदद का आश्वासन दिया।
अचानक लगी इस आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।