अयोध्या।शारदीय नवरात्रि जैसे आस्था और श्रद्धा के पर्व में जब पूरा प्रदेश मां दुर्गा की भक्ति में रमा हुआ है, उसी पावन अवसर पर रुदौली कस्बे के नहर पुल कोठी स्थित दुर्गा पंडाल में महिला सुरक्षा और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान फेज-5 की यह पहल न केवल महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए थी, बल्कि उन्हें यह भरोसा दिलाने का भी प्रयास थी कि प्रशासन हर समय उनके साथ खड़ा है। इस आयोजन ने संदेश दिया कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि इसे जन जन तक पहुंचाना ही असली सफलता है।
गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में महिला उपरीक्षक दीपशिखा सिंह, महिला उप निरीक्षक स्तुति गुप्ता, महिला आरक्षी पूजा चौहान, पुष्पा सागर और मनोरमा मौर्य ने मंच संभालते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु साझा किए। उन्होंने 1090, 112, 1930, 102, 108, 1098, 1076 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार जरूरत पड़ने पर ये सेवाएं महिलाओं व बालिकाओं के लिए तत्काल मददगार साबित होती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया। मौके पर उनकी समस्याएं सुनकर समाधान व मार्गदर्शन का आश्वासन भी दिया गया।
नवरात्र जैसे धार्मिक माहौल में यह कार्यक्रम महिला सुरक्षा के संकल्प को मजबूत करने वाला साबित हुआ। इससे यह स्पष्ट संदेश गया कि समाज और प्रशासन दोनों मिलकर ही महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।