ताजा ख़बर

रुदौली सीएचसी बनी उम्मीद की किरण, डॉ. फातिमा हसन ने भरोसा जीता

Muhammad Alam
Muhammad Alam
Updated Sep 23, 2025
रुदौली सीएचसी बनी उम्मीद की किरण, डॉ. फातिमा हसन ने भरोसा जीता

अयोध्या ज़िले की स्वास्थ्य सेवाओं में रुदौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आज एक नई पहचान गढ़ रहा है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सुथरे वातावरण और अनुशासित व्यवस्था के कारण यह केंद्र जिले में स्वास्थ्य सुधार की मिसाल बनता दिख रहा है। यहां की प्रभारी चिकित्सक डॉ. फातिमा हसन, अपने उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और सेवा-भाव के दम पर न सिर्फ मरीजों बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों का भी भरोसा जीत रही हैं। उनकी कार्यकुशलता ने सीएचसी रुदौली को जिले के अग्रणी स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल कर दिया है और यह लगातार प्रेरणा का स्रोत बनता जा रहा है।
रुदौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की प्रभारी डॉ. फातिमा हसन के कामकाज को लेकर जिलेभर में सराहना का सिलसिला तेज़ है। हाल ही में आयोजित तहसील समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने सार्वजनिक रूप से उनकी कार्यशैली की तारीफ़ की और लोगों से अपील की कि वे भी डॉ. फातिमा को सहयोग दें।
रविवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक शुभा मिश्रा और साधना राठौर ने सीएचसी रुदौली का निरीक्षण किया। अस्पताल की स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्था देखकर वे प्रभावित हुईं और मौके पर ही डॉ. फातिमा को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
डॉ. फातिमा हसन इससे पहले सोहावल सीएचसी की प्रभारी रह चुकी हैं। वहां भी उन्होंने उल्लेखनीय काम करते हुए जिले का नाम रोशन किया था। एक ही दिन में आठ सफल सिजेरियन ऑपरेशन कर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में नया रिकॉर्ड बनाने का श्रेय भी उन्हें हासिल है। वर्तमान में जिले में सर्वाधिक सिजेरियन कराने वाली चिकित्सक के रूप में उनका नाम पहले पायदान पर है।
चिकित्सा सेवा से लेकर प्रशासनिक स्तर तक डॉ. फातिमा की कार्यकुशलता और सहज व्यवहार की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा, हमारी मेहनत और मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील कुमार बनियान जी का सहयोग इस काम को आगे बढ़ाने में सहायक है। मरीज को स्वास्थ्य लाभ मिलना ही हमारे पेशे की सबसे बड़ी सफलता है।